जेवीएम श्यामली में प्रदर्शनी में छात्रों ने प्रदर्शित किए 800 मॉडल

WhatsApp Channel Join Now
जेवीएम श्यामली में प्रदर्शनी में छात्रों ने प्रदर्शित किए 800 मॉडल


रांची, 14 अक्टूबर (हि.स.)। जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली में बुधवार को अभिज्ञान-2026 अकादमिक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें 2000 से अधिक विद्यार्थियों ने 800 से ज्यादा मॉडल प्रस्तुत कर अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और व्यावहारिक ज्ञान का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही विद्यालय के पूर्व छात्रों के संगठन के तत्वावधान में रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया।

इसमें पूर्व छात्रों, शिक्षकों और आगंतुकों ने भाग लिया।

इस अवसर पर ग्रामीण विकास विभाग के सचिव एवं विद्यालय के पूर्व छात्र मनोज कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम का उद्घाटन किया। मौके पर मनोज कुमार ने कहा कि शिक्षा सिर्फ डिग्री हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है। ऐसी प्रदर्शनियां विद्यार्थियों में आलोचनात्मक चिंतन और बहुविषयक समझ विकसित करती हैं।

मौके पर प्राचार्य बीएन झा ने कहा कि ज्ञान की वास्तविक पहचान रटने में नहीं, बल्कि सोचने, समझने और नए प्रयोग करने में है।

प्रदर्शनी में विज्ञान, गणित, पर्यावरण, कंप्यूटर, अर्थशास्त्र और राजनीति विज्ञान से जुड़े मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्मार्ट कृषि, हरित ऊर्जा, स्मार्ट पार्किंग और भविष्य के रांची जैसे विषयों पर परियोजनाएं प्रस्तुत कीं। निर्णायकों ने विद्यार्थियों से सवाल पूछकर उनकी विषयगत समझ का मूल्यांकन किया। आयोजन में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों और अभिभावकों की भी भागीदारी रही।

इस अवसर पर स्कूल के पूवर्ती छात्र-छात्राएं, शिक्षक सहित अन्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761005 Articles

Share this story