चतरा में 18 केंद्रों पर शांतिपूर्ण संपन्न हुई जेटेट परीक्षा, 2,840 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित

WhatsApp Channel Join Now
चतरा में 18 केंद्रों पर शांतिपूर्ण संपन्न हुई जेटेट परीक्षा, 2,840 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित


चतरा, 01 नवंबर (हि.स.)। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 रविवार को चतरा जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा में कुल 12,268 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, जिनमें से 9,428 ने परीक्षा दी, जबकि 2,840 अनुपस्थित रहे।

परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। पहली पाली में उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा छह से आठ) की परीक्षा हुई। इसमें पंजीकृत 7,103 अभ्यर्थियों में से 5,490 उपस्थित हुए, जबकि 1,613 अनुपस्थित रहे। वहीं, दूसरी पाली में प्राथमिक स्तर (कक्षा एक से पांच) की परीक्षा आयोजित की गई। इसमें 5,165 अभ्यर्थियों में से 3,938 ने परीक्षा दी और 1,227 अनुपस्थित रहे।

परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा और निगरानी की व्यापक व्यवस्था की गई थी। उपायुक्त रवि आनंद ने चतरा शहरी क्षेत्र के चार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने एसएस गर्ल्स प्लस टू हाई स्कूल, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (बॉयज हाई स्कूल), नाजरेथ स्कूल और डीएवी पब्लिक स्कूल पहुंचकर परीक्षा संचालन, अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने केंद्राधीक्षकों से आवश्यक जानकारी भी ली। निरीक्षण के समय अपर समाहर्ता अरविंद कुमार उपस्थित थे।

परीक्षा के शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संपन्न होने पर उपायुक्त ने संतोष जताया। उन्होंने परीक्षा के सफल संचालन में योगदान देने वाले सभी पदाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों, वीक्षकों, पुलिसकर्मियों और अन्य कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770686 Articles

Share this story