जेपीएससी रिफॉर्म मंच की भूख हड़ताल 15वें दिन भी जारी, अनशनकारियों की संख्या हुई तीन

WhatsApp Channel Join Now
जेपीएससी रिफॉर्म मंच की भूख हड़ताल 15वें दिन भी जारी, अनशनकारियों की संख्या हुई तीन


रांची, 18 अगस्त (हि.स.)। जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच की ओर से जेपीएससी प्रकरण को लेकर चल रहा आंदोलन मंगलवार को 25वें दिन भी जारी रहा। वहीं भूख हड़ताल का 15वां दिन रहा। आंदोलन स्थल पर अनशनकारी रूपेश कुमार और सबिता कुमार के साथ राहुल क्रांति भी दोबारा पहुंच गए। इसके साथ ही अनशनकारियों की संख्या फिर तीन हो गई।

आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से छात्रहित में जेपीएससी, जेएसएससी सीजीएल और टीडीपीएल एजेंसी की ओर से आयोजित प्रतियोगी परीक्षाओं को रद्द करने की घोषणा का स्वागत किया।

हालांकि, मंच ने स्पष्ट किया कि सिर्फ परीक्षाएं रद्द करने से आंदोलन समाप्त नहीं होगा। आंदोलनकारियों ने पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग दोहराते हुए कहा कि जब तक जांच के माध्यम से परीक्षा में कथित गड़बड़ी का सच सामने नहीं आता, आंदोलन जारी रहेगा।

आंदोलन के नेतृत्वकर्ता राधे कुमार ने आरोप लगाया कि सदर अस्पताल में इलाजरत राहुल क्रांति की भूख हड़ताल समाप्त कराने का प्रयास किया गया।

उन्होंने दावा किया कि राहुल क्रांति को जूस पिलाकर आंदोलन खत्म कराने की कोशिश की गई, लेकिन वह दोबारा सत्याग्रह स्थल पर पहुंच गए और अनशन जारी रखने का फैसला किया।

राधे कुमार ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह सहित अन्य लोगों की मौजूदगी में सदर अस्पताल में राहुल क्रांति की भूख हड़ताल समाप्त कराई गई थी।

मंच ने कहा कि राहुल क्रांति दोबारा अनशन स्थल पर पहुंच चुके हैं और आंदोलन जारी रखेंगे।

मंच ने कहा कि सरकार की ओर से परीक्षाएं रद्द करने का फैसला स्वागतयोग्य है, लेकिन पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और दोषियों की पहचान जरूरी है। जब तक जेएसएससी सीजीएल सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की सीबीआई जांच की मांगें पूरी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story