जेपीएससी और जेएसएससी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी की हो सीबीआई जांच : बाबूलाल

WhatsApp Channel Join Now
जेपीएससी और जेएसएससी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी की हो सीबीआई जांच : बाबूलाल


दुमका, 8 सितम्बर (हि. स.)। जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और अनियमितताओं के खिलाफ भाजपा ने मंगलवार को हल्लाबोल किया।

जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर उपायुक्त कार्यालय का घेराव किया। रैली यज्ञ मैदान से शुरू होकर टीन बाजार, नीचे बाजार होते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुंची। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी किया।

प्रदर्शन के बाद आयोजित सभा में नेता प्रतिपक्ष पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, पूर्व सांसद सुनील सोरेन सहित भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। भाजपा ने सरकार के समक्ष प्रमुख रूप से शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों के खिलाफ दर्ज, मुकदमे तत्काल वापस लेने, प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने एवं पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग रखी।

इस संबंध में भाजपा नेताओं ने उपायुक्त के नाम मांगपत्र सौंपा। मांग पत्र में छात्र आंदोलन के दौरान और बाद में छात्रों के ऊपर राज्य के विभिन्न थानों में दर्ज प्राथमिकी अविलंब रद्द करने सहित अन्य मांग शामिल हैं।

इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड के युवा अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर रोजगार हासिल करना चाहते हैं, लेकिन राज्य सरकार की व्यवस्था में उन्हें लगातार निराशा हाथ लग रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ आवाज उठाने वाले छात्रों के साथ मारपीट की गई और उनके खिलाफ ही मुकदमे दर्ज कर दिए गए। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज दबाने से परीक्षा में हुई गड़बड़ी का सच नहीं छिपाया जा सकता।

सरकार को युवाओं के सवालों का जवाब देना होगा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करानी होगी। मांगे पूरी नहीं होने पर भाजपा ने व्यापक आंदोलन की चेतावनी दी।

इस अवसर पर जिला महामंत्री मृणाल मिश्रा, विमल मरांडी, मनोज पांडे, मीडिया प्रभारी नवल किस्कू सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थेे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

Share this story