जेपीएससी पीटी परीक्षा रद्द करने काे लेकर छह अगस्त को विधानसभा का घेराव

WhatsApp Channel Join Now
जेपीएससी पीटी परीक्षा रद्द करने काे लेकर छह अगस्त को विधानसभा का घेराव


रांची, 30 जुलाई (हि.स.)।

जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थी न्याय मंच के बैनर तले चल रहे जेपीएससी-जेएसएससी भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती अभियान के तहत अनिश्चितकालीन सत्याग्रह आंदोलन छठे दिन गुरुवार को भी जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जारी रहा।

आंदोलन स्थल पर राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस अवसर पर मंच के अध्यक्ष दीनबंधु मंडल ने छह अगस्त 2026 को झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान विधानसभा घेराव करने की घोषणा की। उन्होंंने दावा किया कि इस कार्यक्रम में पूरे राज्य से हजारों छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। उन्होंने अभ्यर्थियों से लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन में भाग लेने की अपील की।

दीनबंधु मंडल ने कहा कि 14वीं जेपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा, बैकलॉग सिविल सेवा परीक्षा, जेएसएससी सीजीएल और टीडीपीएल एजेंसी की ओर से आयोजित अन्य परीक्षाओं में व्यापक अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। उन्होंने सभी मामलों की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने कहा कि 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा रद्द होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

मंच के महासचिव रामअवतार महतो ने कहा कि जब तक परीक्षा रद्द नहीं की जाती, कथित अनियमितताओं की जवाबदेही तय नहीं होती और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक सत्याग्रह समाप्त नहीं होगा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन राज्य के लाखों अभ्यर्थियों के न्यायपूर्ण, पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती प्रक्रिया की मांग को लेकर चलाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story