लेबर कोड के नियमों में श्रमिक हितों के लिए राज्यव्यापी अभियान चलाएगा संयुक्त मंच

WhatsApp Channel Join Now
लेबर कोड के नियमों में श्रमिक हितों के लिए राज्यव्यापी अभियान चलाएगा संयुक्त मंच


रांची, 23 जून (हि.स.)। झारखंड में चारों श्रम संहिताओं (लेबर कोड) के राज्य नियमों को सार्वजनिक किए बिना और श्रमिक संगठनों के दिए गए सुझावों पर विचार किए बिना अधिसूचित किए जाने की आशंका के मद्देनज़र केंद्रीय ट्रेड यूनियनों एवं स्वतंत्र फेडरेशनों के संयुक्त मंच की बैठक हुई। बैठक मंगलवार को सीसीएल मुख्यालय स्थित एटक कार्यालय, दरभंगा हाउस में आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता अशोक यादव ने की।

बैठक में एआईसीसीटीयू के शुभेंदु सेन और भीम साहू, इंटक के गिरीश चौहान एवं सरयू सिंह, बीईएफआई के आरके सिंह, केआर चौधरी, एटक के पंकज कुमार तथा सीटू के अनिर्बान बोस एवं प्रतीक मिश्रा सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

बैठक में निर्णय लिया गया कि श्रमिक विरोधी लेबर कोड के राज्य नियमों में श्रमिक हितों की रक्षा के लिए 25 से 29 जून 2026 तक पूरे राज्य में प्रदर्शन, सभा एवं प्रचार अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद 01 जुलाई 2026 को श्रम भवन, डोरंडा, रांची में संयुक्त प्रदर्शन आयोजित कर श्रमायुक्त और उप श्रमायुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अभियान की रूपरेखा और संयुक्त मंच की मांगों को सार्वजनिक करने के लिए 25 जून को एटक कार्यालय, अल्बर्ट एक्का चौक पर मीडिया को जानकारी दी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story