झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा ने निकाली मुख्यमंत्री आभार यात्रा, जयपाल सिंह मुंडा व सावित्रीबाई फुले को दी श्रद्धांजलि
रांची, 03 जनवरी (हि.स.)। झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के तत्वावधान में शनिवार को मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा की 122वीं जयंती एवं सावित्रीबाई फुले की जयंती के अवसर पर भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री आभार यात्रा निकाली गई और महापुरुषों को पुष्पांजलि अर्पित की गई।
मुख्यमंत्री आभार यात्रा बहु बाजार स्थित जयपाल सिंह मुंडा के आवासीय क्षेत्र से प्रारंभ होकर चर्च रोड होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक के रास्ते कचहरी रोड स्थित जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम तक पहुंची। स्टेडियम में एक सभा का आयोजन किया गया, जहां झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा का वार्षिक कैलेंडर भी जारी किया गया।
इस अवसर पर सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक मथुरा प्रसाद महतो को लाल-हरा मिश्रित पगड़ी पहनाकर तथा झारखंड आंदोलनकारी गौरव रत्न सम्मान का प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
सम्मान ग्रहण करने के बाद मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों को राजकीय मान-सम्मान, अलग पहचान, रोज़गार व नियोजन की गारंटी तथा सम्मान पेंशन देने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से निश्चित रूप से बातचीत की जाएगी।उन्होंने कहा कि जेल जाने की बाध्यता समाप्त कर सभी आंदोलनकारियों को पेंशन देने की व्यवस्था होनी चाहिए। आंदोलनकारियों को समान पेंशन मिलना ही सरकार का सच्चा सम्मान है।
पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने इस मौके पर कहा कि झारखंड अलग राज्य शोषण, दमन और अन्याय के खिलाफ संघर्ष का परिणाम है। यदि उन्होंने बिहार विधानसभा में 51वां संशोधन प्रस्तुत नहीं किया होता, तो झारखंड के स्थान पर वनांचल राज्य बन जाता। उन्होंने सभी झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मान पेंशन देने की मांग की।
विशिष्ट अतिथि प्रताप कुशवाहा ने कहा कि उत्तराखंड की तर्ज पर झारखंड आंदोलनकारियों को 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण सहित सभी सुविधाएं और लाभ दिए जाने चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए मोर्चा के संस्थापक एवं प्रधान सचिव पुष्कर महतो ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा 5 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सम्मान पत्र देकर आंदोलनकारियों का मान-सम्मान बढ़ाया गया है।
कार्यक्रम को केंद्रीय अध्यक्ष विदेशी महतो, रोजलीन तिर्की, इजहार राही, रामनाथ मेहता, सरोजनी कच्छप, एंथन लकड़ा, सुबोध लकड़ा, रंजीत टोप्पो, मो. बारीक, जिदन कोल, विश्वजीत प्रमाणिक, टहल साह और शिबू काली माईती सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

