अधिकारों की आवाज उठाने वाला हर व्यक्ति भाजपा की नजर में संदेहास्पद : विनोद

WhatsApp Channel Join Now
अधिकारों की आवाज उठाने वाला हर व्यक्ति भाजपा की नजर में संदेहास्पद : विनोद


रांची, 26 अगस्त (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, रघुवर दास और भाजपा पर तीखा हमला बोला है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की नजर में आदिवासी-मूलवासी, गरीब और अपने अधिकारों की आवाज उठाने वाला हर व्यक्ति संदेह की नजर से देखा जा रहा है। सवाल है कि क्या भाजपा की नजर में हर झारखंडी और केंद्र की नीतियों पर सवाल उठाने वाला व्यक्ति दिमागी नक्सल है।

विनोद पांडेय ने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि आंकड़े गिनाने से पहले उन गांवों का दर्द समझना चाहिए, जिनकी जमीन खनन के लिए गई, जंगल उजड़े और पीढ़ियां विस्थापन झेलती रहीं।

उन्होंने रघुवर दास के एमएमडीआर संशोधन अधिनियम संबंधी बयान पर कहा कि 11 हजार करोड़ रुपये और करों के प्रतिशत की चर्चा से मूल सवाल नहीं छिपाया जा सकता। यदि खनिज से राज्य को लाभ मिल रहा है तो प्रभावित गांवों में पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और रोजगार की कमी क्यों है। पांडेय ने कहा कि झामुमो खनन या औद्योगिक विकास का विरोधी नहीं है। उसकी मांग जमीन का सम्मान, जंगल और आदिवासी अधिकारों की रक्षा, स्थानीय युवाओं को रोजगार तथा खनिज संपदा में झारखंडी हित की प्राथमिकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story