नीट पेपर लीक मामले को लेकर झामुमो छात्र संगठन ने किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
नीट पेपर लीक मामले को लेकर झामुमो छात्र संगठन ने किया प्रदर्शन


देवघर, 15 मई (हि.स.)। नीट पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में छात्रों और अभिभावकों के बीच आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को देवघर के टावर चौक पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन में झामुमो छात्र संगठन के जिला अध्यक्ष संजय शर्मा, वरिष्ठ नेता सुरेश शाह, मनोज दास सहित बड़ी संख्या में छात्र और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और छात्रों के हित में पारदर्शी एवं निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक और धांधली के मामलों ने लाखों मेहनती छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है।

उनका आरोप था कि परीक्षा रद्द होने से छात्रों की वर्षों की मेहनत और मानसिक संतुलन पर प्रतिकूल असर पड़ा है। झामुमो नेताओं ने कहा कि नीट परीक्षा के माध्यम से देश को योग्य और होनहार चिकित्सक मिलते हैं। डॉक्टरों को धरती पर भगवान का स्वरूप माना जाता है, क्योंकि वे लोगों को नई जिंदगी देते हैं। ऐसे में यदि मेडिकल प्रवेश परीक्षा ही भ्रष्टाचार और बेईमानी की भेंट चढ़ जाए, तो यह केवल छात्रों के साथ अन्याय नहीं बल्कि पूरे समाज के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।

जिला अध्यक्ष संजय शर्मा और सुरेश शाह ने संयुक्त बयान में कहा कि उत्तर प्रदेश से लेकर दिल्ली तक भाजपा शासनकाल में पेपर लीक एक गंभीर समस्या बन चुकी है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर क्यों देश की लगभग हर बड़ी परीक्षा का प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले बाजार में उपलब्ध हो जाता है।

उन्होंने कहा कि एक ओर देश में बेरोजगारी और महंगाई युवाओं को परेशान कर रही है, वहीं दूसरी ओर प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली उनके सपनों पर कुठाराघात कर रही है। झामुमो नेताओं ने केंद्र सरकार से दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनाने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story