प्रखंड मुख्यालयों में झामुमो का धरना 19 को

WhatsApp Channel Join Now
प्रखंड मुख्यालयों में झामुमो का धरना 19 को


रांची, 09 सितंबर (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अपने स्थगित धरना कार्यक्रम की नई तारीख घोषित कर दी है। अब पार्टी का एक दिवसीय धरना 19 सितंबर 2026 को राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों में होगा।

पार्टी की ओर से महासचिव विनोद पांडेय ने इस संबंध में बुधवार को पत्र जारी कर बताया है कि 07 सितंबर को होने वाला धरना 06 सितंबर को पार्टी के केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य और झारखंड सरकार के मंत्री के आकस्मिक निधन के कारण स्थगित कर दिया गया था। अब इसे 19 सितंबर को आयोजित करने का फैसला लिया गया है।

झामुमो का यह धरना केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में होगा। पार्टी खास तौर पर खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक 2026 का विरोध कर रही है। इस विधेयक से झारखंड और यहां के लोगों को आर्थिक नुकसान हो सकता है।

इसके साथ ही पार्टी केंद्र सरकार पर झारखंड की बकाया राशि को लेकर भी सवाल उठाएगी। झामुमो का आरोप है कि केंद्र झारखंड की बकाया राशि को रोकने या हड़पने की कोशिश कर रहा है।

पार्टी ने सभी जिला अध्यक्षों, सचिवों, संयोजकों और केंद्रीय समिति के पदाधिकारियों को धरने की जानकारी संगठन के सदस्यों तक पहुंचाने का निर्देश दिया है। पार्टी ने अधिक से अधिक लोगों से धरने में शामिल होने की अपील की है। आगे के कार्यक्रमों की जानकारी बाद में जारी की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story