बाबूलाल के पास है व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी से अधिक ज्ञान : विनोद

WhatsApp Channel Join Now
बाबूलाल के पास है व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी से अधिक ज्ञान : विनोद


रांची, 20 जनवरी (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पाण्डेय ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विदेश यात्रा से भारत और झारखंड का प्रतिनिधित्व कर रहें हैं। मुख्‍यमंत्री के दौरे से नेता प्रतिपक्ष को कुछ सीखना चाहिए। उन्होंने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री सभी दृष्टिकोणों को सम्मान देने, सभी की बात सुनने और समझने की लोकतांत्रिक भावना के साथ भारत और झारखंड का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

पांडेय ने कहा कि यह वही भारत की भावना है जो समावेशी, सहयोगी और मिलनसार है और जिस पर पूरे देश को गर्व है। झामुमो को पूरी उम्मीद है कि नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के पास जिस तरह व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी के फॉरवर्ड संदेशों से कहीं अधिक ज्ञान है। इसलिए उनसे यह अपेक्षा है कि वे यह समझें कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की विदेश यात्रा और वहां होने वाली सभी बैठकें उच्चतम स्तर पर स्वीकृत कार्यक्रम हैं।

उन्‍होंने कहा कि यह झारखंड के लिए गर्व की बात है कि मुख्यमंत्री को ऑल सोल्स कॉलेज और सेंट जॉन कॉलेज में आधिकारिक मान्यता मिली, वही सेंट जॉन कॉलेज जहां मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा ने शिक्षा प्राप्त की थी। झामुमो नेता ने बाबूलाल को सलाह देते हुए कहा कि आरोप लगाने से पहले मुख्यमंत्री की दावोस और यूके यात्रा के उद्देश्य, उपलब्धियों और महत्व को समझना चाहिए। उन्‍हें नकारात्मक राजनीति छोड़कर ग्लोबल मंच पर झारखंड के गौरवपूर्ण प्रतिनिधित्व के बारे में सोचना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story