झामुमो के विधायक निरल पूर्ति को मिलेगा उत्कृष्ट विधायक का सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
झामुमो के विधायक निरल पूर्ति को मिलेगा उत्कृष्ट विधायक का सम्मान


झामुमो के विधायक निरल पूर्ति को मिलेगा उत्कृष्ट विधायक का सम्मान


- 22 नवंबर को राज्यपाल करेंगे सम्मानित

रांची, 20 नवंबर (हि.स.)। मझगांव विधानसभा क्षेत्र से चार बार चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विधायक निरल पूर्ति को उत्कृष्ट विधायक सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। झारखंड विधानसभा स्थापना दिवस के अवसर पर आगामी 22 नवंबर को राज्यपाल उन्हें सम्मानित करेंगे। शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो के आवास पर हुई चयन समिति की बैठक में निरल पूर्ति के नाम पर मुहर लगाई गई।

चयन समिति की बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक सुरेश पासवान, विधानसभा के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार और पत्रकार विनय कुमार उपस्थित थे। समिति के कुछ अन्य सदस्य ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

बैठक के बाद विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने निरल पूर्ति के नाम की औपचारिक घोषणा की। उन्होंने कहा कि सभी विधायक अच्छे हैं और उनमें से किसी एक का चयन करना बेहद कठिन कार्य है। इसके बावजूद चयन समिति ने झामुमो विधायक निरल पूर्ति को उत्कृष्ट विधायक के रूप में चुना है। वह मझगांव विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक निर्वाचित हो चुके हैं।

अध्यक्ष ने बताया कि 22 नवंबर को झारखंड विधानसभा स्थापना दिवस के अवसर पर राज्यपाल चयनित विधायक और उत्कृष्ट कार्य करने वाले विधानसभा कर्मियों को सम्मानित करेंगे।

उल्लेखनीय है कि झारखंड विधानसभा में कुल 81 विधायक हैं। उत्कृष्ट विधायक का चयन उनके कार्यशैली, व्यवहार और क्षेत्र में किए गए कार्यों के आधार पर किया जाता है। इसके लिए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, वरिष्ठ विधायक, पत्रकार और विधानसभा के प्रभारी सचिव को शामिल करते हुए चयन समिति गठित की जाती है। चयनित विधायक को स्थापना दिवस समारोह में प्रशस्ति पत्र के साथ 51 हजार रुपये की नकद राशि दी जाती है।

रबीन्द्र नाथ महतो ने चयनित उत्कृष्ट विधायक और विधानसभा कर्मियों को बधाई देते हुए बताया कि स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।

उन्होंने बताया कि इस अवसर पर विधानसभा सचिवालय में कार्यरत पांच कर्मियों को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा। इनमें विधानसभा की उपसचिव किरण सुमन बाखला, उप-सचिव सुषमा सिंह, विधानसभा अधीक्षक मोहम्मद अली खान, विधानसभा ट्रेजरी के शिवराज राम और अनुसेवक संजय कुमार मेहता शामिल हैं।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story