दिशोम गुरू को पद्मभूषण सम्मान मिलने पर झामुमो ने जताया हर्ष

WhatsApp Channel Join Now
दिशोम गुरू को पद्मभूषण सम्मान मिलने पर झामुमो ने जताया हर्ष


रांची, 23 जून (हि.स.)।

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केन्द्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्मभूषण सम्मान दिए जाने पर हर्ष जताया है। पांडेय ने इसे झारखंड की जनता, आदिवासी समाज और अलग राज्य आंदोलन से जुड़े लोगों के संघर्ष का सम्मान बताया है।

पार्टी की ओर से मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पांडेय ने कहा कि शिबू सोरेन का जीवन जल, जंगल, जमीन, आदिवासी अस्मिता और सामाजिक न्याय की लड़ाई को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि नेमरा गांव से शुरू हुआ उनका संघर्ष झारखंड राज्य निर्माण तक पहुंचा और उन्होंने लंबे समय तक वंचित एवं पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए आवाज उठाई।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में गुरुजी की पत्नी रूपी सोरेन द्वारा पद्मभूषण सम्मान ग्रहण करना राज्य के लिए गर्व का क्षण है। उनके अनुसार यह सम्मान केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि झारखंड आंदोलन और उससे जुड़े संघर्षों की विरासत का सम्मान है।

विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि शिबू सोरेन का सामाजिक और राजनीतिक योगदान व्यापक रहा है तथा उन्होंने किसानों, मजदूरों और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष किया। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि शिबू सोरेन के राष्ट्र निर्माण, सामाजिक न्याय और जनकल्याण में योगदान को देखते हुए उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित करने पर विचार किया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story