जांच से पहले किसी को दोषी ठहराना उचित नहीं : विकास मुंडा

WhatsApp Channel Join Now
जांच से पहले किसी को दोषी ठहराना उचित नहीं : विकास मुंडा


रांची, 17 नवंबर (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विधायक विकास मुंडा ने सिमडेगा के विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग से कथित दुष्कर्म के मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। मामले का खुलासा करने वाले पत्रकार को भी पुलिस जांच में सहयोग करना चाहिए, जिससे कि पीड़िता को न्याय मिल सके।

विकास मुंडा मंगलवार को पार्टी के हरमू स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि पूरे मामले में साजिश की आशंका नजर आती है, जिसकी जांच जरूरी है। हालांकि, विपक्षी दलों की ओर से जिस तरह बयानबाजी की जा रही है, उससे गलत नैरेटिव गढ़ने की कोशिश हो रही है।

उन्होंने भाजपा पर मामले को लेकर नैरेटिव प्रभावित करने का आरोप लगाया। विकास मुंडा ने कहा कि पत्रकार अभिषेक भारती इस मामले में शिकायतकर्ता हैं। ऐसे में पुलिस उनसे पूछताछ कर सकती है। इसे आधार बनाकर आरोप लगाना उचित नहीं है। यदि पीड़िता को न्याय दिलाना उद्देश्य है तो पत्रकार को पुलिस की जांच में सहयोग करना चाहिए। जांच पूरी होने से पहले किसी को दोषी मान लेना भी उचित नहीं है।

एसआईटी गठन के सवाल पर विधायक ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई कर रही है। मामले की जांच पीड़िता के बयान के आधार पर आगे बढ़नी चाहिए। पॉक्सो एक्ट के तहत संवेदनशील जानकारियां सार्वजनिक नहीं की जानी चाहिए। इसलिए सभी पक्षों को जांच पूरी होने तक इंतजार करना चाहिए।

इस मौके पर तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने भी कहा कि नाबालिग से जुड़े कथित दुष्कर्म के मामले की राजनीतिक पक्षपात से ऊपर उठकर निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778673 Articles

Share this story