एसआईआर में गड़बड़ी कर मनगढ़ंत आरोप लगा रही भाजपा : विनोद

WhatsApp Channel Join Now
एसआईआर में गड़बड़ी कर मनगढ़ंत आरोप लगा रही भाजपा : विनोद


एसआईआर में गड़बड़ी कर मनगढ़ंत आरोप लगा रही भाजपा : विनोद


रांंची, 08 सितंबर (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने एसआईआर को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के आरोपों को मनगढंत बताया है। उन्होंने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कहा कि भाजपा को मतदाता सूची पुनरीक्षण की संवैधानिक प्रक्रिया पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार नहीं है। भाजपा एसआईआर में गड़बड़ी कर पकड़ी जा चुकी है, लेकिन अब जानबूझकर मनगढ़ंत आरोप लगा रही है।

पांडेय ने आरोप लगाया कि गोड्डा, गढ़वा सहित विभिन्न जिलों में भाजपा के बीएलए-2 और कई कार्यकर्ताओं को एसआईआर प्रक्रिया में गड़बड़ी करते आम लोगों ने पकड़ा था और ऐसे मामलों में एफआईआर भी दर्ज हुई है। उन्होंने कहा कि अब भाजपा बौखलाहट में एसआईआर पर सवाल उठाकर एक विशेष समुदाय को निशाना बना रही है। भाजपा को यदि किसी गड़बड़ी की जानकारी है तो उसके ठोस प्रमाण निर्वाचन आयोग और संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण निर्वाचन आयोग की देखरेख में होने वाली संवैधानिक प्रक्रिया है। नाम जोड़ने या हटाने के लिए निर्धारित नियम और दस्तावेजी प्रक्रिया है। गड़बड़ी मिलने पर सक्षम अधिकारियों के समक्ष शिकायत का प्रावधान है। पांडेय ने संथाल परगना को लेकर भाजपा नेताओं की भाषा को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम, उम्र या पते की त्रुटि को सीधे बांग्लादेशी घुसपैठ से जोड़ना उचित नहीं है। फर्जी दस्तावेज मिलने पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन कुछ मामलों के आधार पर पूरे समुदाय को संदेह के घेरे में रखना गलत है। उन्होंने कहा कि एसआईआर जैसे संवेदनशील विषय को राजनीतिक रंग देकर भ्रम फैलाने के बजाय वास्तविक शिकायतों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story