लापता मासूम अदिति की बरामदगी को लेकर करेंगे आंदोलन : जेएलकेएम

WhatsApp Channel Join Now
लापता मासूम अदिति की बरामदगी को लेकर करेंगे आंदोलन : जेएलकेएम


रांची, 18 मई (हि.स.)।

कोकर क्षेत्र से पिछले 10 दिनों से लापता 18 माह की मासूम अदिति पांडे की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) आंदोलन तेज करेगा। यह बातें मोर्चा के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो ने सोमवार को पीड़ित परिवार से कोकर स्थित उनके आवास में मुलाकात करने के बाद कही।

इस अवसर पर उन्होंने परिजनों को हरसंभव सहयोग और न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि बच्चें के लापता होने के मुद्दे को लेकर 20 मई 2026 को अपराह्न तीन बजे सदर थाना के समक्ष शांतिपूर्ण प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। संगठन ने आम नागरिकों, सामाजिक संगठनों और युवाओं से प्रदर्शन में शामिल होकर मासूम अदिति की सकुशल वापसी के समर्थन में आवाज उठाने की अपील की है।

मौके पर देवेन्द्र नाथ महतो ने अदिति की मां अंकिता पांडे और पिता मनीष पांडे से मिलकर घटना पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि एक मासूम बच्ची का इतने दिनों तक लापता रहना कानून-व्यवस्था और जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने कहा कि परिवार की उम्मीद धीरे-धीरे टूट रही है, ऐसे में प्रशासन को संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मामले की उच्चस्तरीय निगरानी में जांच तेज करने तथा मासूम अदिति पांडे की अविलंब सकुशल बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की भी मांग उठाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story