जेएलकेएम 11 सूत्री मांगों पर अड़ी, सात दिन में पहल नहीं तो होगा आंदोलन
रामगढ़, 16 अक्टूबर (हि.स.)। रामगढ़ जिले में स्थानीय बेरोजगारों, विस्थापितों, प्रभावितों और मजदूरों की समस्याओं को लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) ने झारखंड कोलियरी प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन किया। पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष रवि कुमार महतो के नेतृत्व में शुक्रवार को 11 सूत्री मांगों को लेकर रिमाइंडर नोटिस जारी किया गया। संगठन ने सात दिनों के भीतर मांगों पर सकारात्मक पहल करने का अल्टीमेटम दिया है।
जेएलकेएम की प्रमुख मांगों में कई महीनों से बंद लोकल सेल को चालू करना, आउटसोर्सिंग कंपनियों में 75 प्रतिशत स्थानीय रैयतों, विस्थापितों और प्रभावितों को रोजगार देना, मजदूरों को एचपीसी दर पर मानदेय उपलब्ध कराना तथा एक करोड़ रुपये तक के ठेकेदारी कार्य स्थानीय बेरोजगारों को सीधे देना शामिल है। इसके अलावा, लोकल सेल में लोडिंग दर 2,500 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये करने और रोड सेल के कोयले में 75 प्रतिशत हिस्सा स्थानीय बेरोजगार युवाओं को बेसिक दर पर देने की मांग की गई है।
संगठन ने सीएसआर मद से रामगढ़ और हजारीबाग के लिए कॉलेज बस, एंबुलेंस एवं स्वास्थ्य सुविधाएं, ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था, युवाओं के लिए कौशल विकास प्रशिक्षण तथा रैयत-विस्थापित परिवारों में मृत्यु होने पर दाह-संस्कार के लिए कोयला उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई है।
रवि कुमार महतो ने कहा कि मांगें स्थानीय रोजगार, मजदूरों के अधिकार और क्षेत्रीय विकास से जुड़ी हैं। यदि सात दिनों के भीतर उचित पहल नहीं हुई, तो संगठन आंदोलन करने को बाध्य होगा। नोटिस की प्रतिलिपि सीएमडी, रांची, महाप्रबंधक, हजारीबाग क्षेत्र, उपायुक्त, रामगढ़ और थाना प्रभारी, घाटो ओपी को भी भेजी गई है। यह जानकारी केंद्रीय मीडिया प्रभारी रमेश कुमार महतो ने दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

