जेपीएससी और जेएसएससी में कथित अनियमितताओं के खिलाफ जेएलकेएम का धरना

WhatsApp Channel Join Now
जेपीएससी और जेएसएससी में कथित अनियमितताओं के खिलाफ जेएलकेएम का धरना


देवघर, 04 अगस्त (हि.स.)। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष जयराम महतो के निर्देश पर मंगलवार को देवघर जिला समाहरणालय के समक्ष शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष चंदन वर्मा ने की। धरना के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, परीक्षा घोटालों और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने विवादित परीक्षाओं को रद्द कर उनकी सीबीआई और ईडी से निष्पक्ष जांच कराने, आयोगों में व्यापक सुधार करते हुए दोषी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को हटाने की मांग की। साथ ही मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में संबंधित मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की भी मांग की गई।

कार्यक्रम के अंत में जेएलकेएम के नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि युवाओं की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो राज्यभर में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story