जेएलकेएम ने ईओ को हटाने के लिए किया अनिश्चितकालीन सत्याग्रह शुरू

WhatsApp Channel Join Now
जेएलकेएम ने ईओ को हटाने के लिए किया अनिश्चितकालीन सत्याग्रह शुरू


रामगढ़, 05 नवंबर (हि.स.)। रामगढ़ नगर परिषद की कार्यप्रणाली, कथित भ्रष्टाचार और अधिकारियों की मनमानी के खिलाफ झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) ने अब सीधी लड़ाई छेड़ दी है। नगर परिषद में व्याप्त समस्याओं और कथित अनियमितताओं के विरोध में गुरुवार को सुभाष चौक पर अनिश्चितकालीन सत्याग्रह शुरू किया गया। आंदोलनकारियों ने कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) को हटाने, बढ़े हुए होल्डिंग टैक्स में कटौती और विकास योजनाओं की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग उठाई। जेएलकेएम नेताओं ने दो टूक कहा कि जब तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

सत्याग्रह के दौरान 'ईओ हटाव, नगर परिषद बचाव' के नारों से सुभाष चौक गूंज उठा। आंदोलनकारियों ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया कि आम नागरिकों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में कथित गड़बड़ियों और प्रशासनिक मनमानी की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी उठाई गई।

आंदोलनकारियों ने बढ़े हुए होल्डिंग टैक्स की समीक्षा कर इसे कम करने, नगर परिषद की विकास योजनाओं और वित्तीय लेन-देन की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। इसके अलावा शहर में सड़क, नाली, पेयजल, साफ-सफाई और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने पर जोर दिया। उनका कहना था कि जनता से टैक्स वसूलने के साथ नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना भी नगर परिषद की जिम्मेदारी है। नगर परिषद की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित होनी चाहिए और अनियमितता के लिए जिम्मेदार लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

जेएलकेएम के जिला सचिव रवि कुमार महतो ने कहा कि नगर परिषद की समस्याओं को लेकर लंबे समय से लगातार आवाज उठाई जा रही है। इसके लिए चौपाल बैठक, जनसंपर्क अभियान, पदयात्रा, आवेदन और सूचना का अधिकार (आरटीआई) जैसे माध्यमों से संबंधित मुद्दों को उठाया गया है। इसके बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं होने के कारण अब सत्याग्रह का रास्ता अपनाया गया है। रामगढ़ नगर परिषद को स्वच्छ, पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त बनाना ही आंदोलन का संकल्प है। जनता के हितों से जुड़े मुद्दों पर समझौता नहीं किया जाएगा। जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, सत्याग्रह जारी रहेगा।

सत्याग्रह में जेएलकेएम की केंद्रीय उपाध्यक्ष भारती कुशवाहा, अध्यक्ष एवं पूर्व प्रत्याशी अनीता मुंडा, जिला महासचिव गिरीशंकर महतो, नगर संरक्षक शिवदयाल साहू, खनिज बचाव समिति के राम कुमार कश्यप, सनी कुमार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773159 Articles

Share this story