जेएलकेएम ने की 14 वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा की सीबीआई जांच की मांग

WhatsApp Channel Join Now
जेएलकेएम ने की 14 वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा की सीबीआई जांच की मांग


रांची, 05 जुलाई (हि.स.)।

झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष सह छात्र नेता देवेन्द्र नाथ महतो ने राज्य सरकार से 14 वीं संयुक्त असैनिक सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 के परिणाम पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसकी उच्चस्तरीय सीबीआई जांच कराने और मुख्य परीक्षा तत्काल स्थगित करने की मांग की।

देवेन्द्र नाथ महतो ने

रविवार को मोरहाबादी स्थित ऑक्सीजन पार्क में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि जिस परीक्षा से लाखों युवाओं का भविष्य जुड़ा है, उसकी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और संवैधानिक होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग ने बिना श्रेणीवार कट-ऑफ अंक सार्वजनिक किए परिणाम जारी किया है। परिणाम पर आयोग के सदस्यों के हस्ताक्षर नहीं होने की बातें भी सामने आ रही हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल कथित ओएमआर शीट का उल्लेख करते हुए इसकी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

उन्होंने कहा कि 18, 19 और 20 जुलाई को प्रस्तावित मुख्य परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को पर्याप्त समय नहीं मिला है। साथ ही 19 जुलाई को अन्य महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाएं भी निर्धारित हैं, जिससे कई अभ्यर्थियों को परेशानी हो सकती है।

देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि संगठन किसी अभ्यर्थी या राज्य के खिलाफ नहीं, बल्कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के पक्ष में है। उन्होंने मांग की कि जांच पूरी होने, श्रेणीवार कट-ऑफ सार्वजनिक होने और वायरल ओएमआर प्रकरण की जांच होने तक मुख्य परीक्षा स्थगित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story