जेएलकेएम का जन समस्या समाधान शिविर दाे को
रांची, 01 जून (हि.स.)। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) सिल्ली विधानसभा क्षेत्र की ओर से आगामी दो जून को अंचल कार्यालय परिसर में जन समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया जाएगा।
शिविर में जेएलकेएम के केंद्रीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो बतौर अतिथि उपस्थित लोगों की समस्याएं सुनेंगे। साथ ही संबंधित विभागों की समस्याओं के समाधान के लिए पहल करेंगे।
देवेन्द्र नाथ महतो ने सोमवार को जारी विज्ञप्ति में कहा कि आम जनता को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ समय पर मिलना उनका अधिकार है। यदि किसी व्यक्ति का आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित है या उसे कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, तो ऐसे मामलों को गंभीरता से उठाया जाएगा।
शिविर में आवास, पेंशन, राशन कार्ड, मंईयां सम्मान योजना, मनरेगा, जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र, दाखिल-खारिज, भूमि मापी, सीमांकन, लगान रसीद सहित लंबित मामलों की सुनवाई की जाएगी।
जेएलकेएम की ओर से क्षेत्रवासियों से अपील की गई है कि वे अपने आवेदन की प्रति, रसीद और आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराएं, ताकि मामलों को संबंधित विभागों के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

