जेएलकेएम की बैठक में बूथ को मजबूती देने पर जोर
रांची, 25 जुलाई (हि.स.)।
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) रांची जिला कमेटी की ओर से शनिवार को रातू प्रखंड के काठीटांड़ में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, सक्रिय कार्यकर्ताओं की पहचान करने और क्षेत्रीय जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर रांची जिला अध्यक्ष गुना भगत ने कहा कि संगठनात्मक कार्यों और जन आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले कार्यकर्ताओं को उनकी कार्यक्षमता और सक्रियता के आधार पर जल्द ही संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
उन्होंने कहा कि जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करना ही संगठन की प्राथमिकता है।
मौके पर जिला और केंद्रीय स्तर के पदाधिकारियों ने संगठन विस्तार की रूपरेखा के साथ-साथ संगठन को और धारदार बनाने पर विचार-विमर्श किया गया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क बढ़ाने और संगठन की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। साथ ही आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर भी रणनीति तैयार की गई।
बैठक में मुख्य रूप से रतिया गंझू, बीरबल महतो, संतोष कुमार साहू, प्रभाकर उपाध्याय, राम प्रसाद, सुजीत कुशवाहा सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

