जेपीएससी 14वीं परीक्षा रद्द कर निष्पक्ष जांच कराए सरकार : देवेन्द्र नाथ

WhatsApp Channel Join Now
जेपीएससी 14वीं परीक्षा रद्द कर निष्पक्ष जांच कराए सरकार : देवेन्द्र नाथ


रांची, 22 जुलाई (हि.स.)।

झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) ने झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की 14 वीं सिविल सेवा परीक्षा में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए राज्य सरकार से परीक्षा को स्थगित और रद्द के साथ निष्पक्ष तरीके से जांच कर पुनः आयोजित कराने की मांग की है।

जेएलकेएम के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने बुधवार को ऑक्सीजन पार्क, रांची में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं। उनका दावा है कि संबंधित एजेंसी पहले से ब्लैकलिस्टेड रही है और जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। जब परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो चुके हैं, तब केवल मुख्य परीक्षा को स्थगित करना पर्याप्त नहीं है। इससे अभ्यर्थियों के भविष्य पर अनिश्चितता बनी रहेगी।

उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराए। यदि जांच में अनियमितताएं प्रमाणित होती है, तो 14वीं सिविल सेवा परीक्षा को रद्द कर पारदर्शी व्यवस्था के तहत दोबारा आयोजित किया जाए, ताकि अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों का विश्वास बहाल हो सके।

देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि झारखंड लोक सेवा आयोग में व्यापक सुधार और पूरी व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित होने तक जेएलकेएम का लोकतांत्रिक आंदोलन जारी रहेगा।

प्रेस वार्ता में रांची जिला अध्यक्ष गुना भगत, प्रवक्ता महावीर साहू, पंचम इक्का, कालेश्वर बड़ाइक सहित संगठन के पदाधिकारी, छात्र, अभिभावक और कार्यकर्ता मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story