होमगार्ड नियुक्ति रिजल्ट में देरी के विरोध में जेएलकेएम का उपायुक्त कार्यालय घेराव १६ को
रांची, 14 मई (हि.स.)। जिला में होमगार्ड नियुक्ति प्रक्रिया में रिजल्ट प्रकाशन में हो रही देरी के विरोध में अभ्यर्थियों ने आंदोलन का ऐलान किया है। झारखंड लोक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केन्द्रीय उपाध्यक्ष देवेन्द्रा नाथ महतो ने गुरूवार को मोराबादी में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि 16 मई को मोराबादी मैदान से उपायुक्त कार्यालय तक अधिकार यात्रा सह घेराव किया जाएगा। इसमें जिले के हजारों छात्र-युवा शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि रिजल्ट में देरी होने की बात पर मोर्चा ने आंदोलन करने का निर्णय लिया है। देवेन्द्र नाथ ने कहा कि रांची जिला में 1614 पदों पर हो रही होमगार्ड नियुक्ति प्रक्रिया के सभी चरण पूरे होने के बावजूद अब तक रिजल्ट जारी नहीं किया गया है। इससे अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि युवाओं ने लंबे समय तक कठिन मेहनत और अभ्यास कर नियुक्ति प्रक्रिया में भाग लिया, लेकिन परिणाम जारी नहीं होने से उनके धैर्य और भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
प्रेस वार्ता में जिला प्रशासन से अविलंब रिजल्ट जारी करने, परिणाम में देरी का कारण सार्वजनिक करने और नियुक्ति प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने की मांग की गई।
साथ ही शहरी क्षेत्र के कुछ अभ्यर्थियों की ओर से फर्जी स्थानीय प्रमाण पत्र इस्तेमाल करने की शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी उठाई गई, ताकि स्थानीय युवाओं के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

