पूर्व कृषि मंत्री ने किया फिल्म ‘दुल्हन सावधान’ का प्रमोशन

WhatsApp Channel Join Now
पूर्व कृषि मंत्री ने किया फिल्म ‘दुल्हन सावधान’ का प्रमोशन


देवघर, 27 नवंबर (हि.स.)।

झारखंडी कला, संस्कृति और क्षेत्रीय सिनेमा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्थानीय कॉलेज ग्राउंड में युवाओं के बीच भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान झारखंड सरकार के पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने क्षेत्रीय फिल्म ‘दुल्हन सावधान’ का प्रमोशन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा-युवतियों के साथ स्थानीय गणमान्य लोग भी शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान फिल्म के गाने ‘हो रीलवा’ पर युवाओं ने जमकर रील बनाई और सोशल मीडिया के माध्यम से फिल्म का प्रचार-प्रसार किया। युवाओं में फिल्म को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने युवाओं से झारखंडी कला, संस्कृति और क्षेत्रीय सिनेमा को आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि झारखंड में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की। राज्य की प्रतिभाओं को सही मंच मिले तो वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।

वहीं, कार्यक्रम में उपस्थित नगर निगम के मेयर रवि राउत ने कलाकारों और युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अपनी माटी की कला और संस्कृति की अपनी अलग पहचान होती है। इसे सहेजने और आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को आगे ले जाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रतिभाशाली कलाकारों की भरमार है। ऐसे कलाकारों को प्रोत्साहित कर उनकी प्रतिभा को सामने लाने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पूरे आयोजन के दौरान झारखंडी सिनेमा और स्थानीय संस्कृति को लेकर युवाओं में उत्साह देखने को मिला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784450 Articles

Share this story