झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस की बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का निर्णय

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस की बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का निर्णय


रांची, 16 जुलाई (हि.स.)। झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक गुरुवार को रांची स्थित कांग्रेस भवन में वरिष्ठ उपाध्यक्ष कुलदीप कुमार रवि की अध्यक्षता में हुई।

बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों, सदस्यता अभियान, जनसरोकार के मुद्दों और राज्य की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के मुख्य अतिथि के रूप में विधायक दल के उपनेता खिजरी विधायक राजेश कच्छप, भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सह झारखंड प्रभारी श्रवण राव, सह-प्रभारी प्रीति मांझी और सह-प्रभारी मुरारी कुमार उपस्थित थे। वहीं अतिथि के रूप में महानगर अध्यक्ष डॉ कुमार राजा, पूर्व राष्ट्रीय सचिव राजेश सिन्हा सनी, फ्रंटल के प्रभारी सुरेन राम उपस्थित थे। सभी अतिथियों ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, युवाओं को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ने और जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करने का आह्वान किया।

बैठक के बाद झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने इथेनॉल नीति और पेट्रोलियम से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के विरुद्ध विरोध-प्रदर्शन किया। पार्टी के कार्यकर्ता कांग्रेस भवन से जुलूस निकालते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचे, जहां केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी का पुतला दहन किया।

मौके पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष कुलदीप कुमार रवि ने कहा कि युवा कांग्रेस जनता से जुड़े हर मुद्दे पर संघर्ष करती रही है और आगे भी किसानों, युवाओं, छात्रों और आम नागरिकों के हितों की आवाज़ बुलंद करती रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यकारिणी की यह बैठक संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।

बैठक और विरोध-प्रदर्शन में प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्ष, सोशल मीडिया विभाग के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थेे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story