राष्ट्रीय खेल दिवस पर झारखंड के मलखंब खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय खेल दिवस पर झारखंड के मलखंब खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम


रांची, 31 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर बंगीय सांस्कृतिक परिषद उच्च विद्यालय स्थित झारखंड मलखंब अकादमी में सोमवार को खेल कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में झारखंड राज्य मलखंब एसोसिएशन के करीब 60 बालक-बालिका खिलाड़ियों ने पोल मलखंब, रोप मलखंब और हैंगिंग मलखंब में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना दमखम दिखाया। खिलाड़ियों ने जटिल पिरामिड बनाकर अपनी प्रतिभा और अभ्यास का प्रदर्शन किया। उनके प्रदर्शन ने उपस्थित दर्शकों को रोमांचित कर दिया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रसिद्ध समाजसेवी और भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष दीपक बंका और विशिष्ट अतिथि रांची जिला मलखंब संघ के सचिव आशुतोष द्विवेदी मौजूद थे।

इस अवसर पर खिलाड़ियों के बेहतर अभ्यास के लिए दीपक बंका ने झारखंड राज्य मलखंब एसोसिएशन को पांच लंबे क्रैश मैट और मैट उपलब्ध कराया। खेल सामग्री मिलने पर खिलाड़ियों में उत्साह देखा गया।

बंका ने कहा कि सुरक्षित अभ्यास के लिए मैट की आवश्यकता थी। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर मेहनत करने और मलखंब को राज्य में आगे बढ़ाने का आह्वान किया एवं भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।

आयोजकों ने बताया कि आगामी 27 से 29 सितंबर 2026 तक झांसी में होनेवाली अखिल भारतीय मलखंब प्रतियोगिता में झारखंड की टीम भाग लेगी। कार्यक्रम का संचालन अकादमी के निदेशक अजय झा ने किया।

मौके पर संजय कुमार, विवेक कुमार, शुभम सिंह, आर्यन लोहरा, आर्यन महतो, अनूप कुमारी, अनुसिखा कुमारी और जानवी कुमारी सहित खिलाड़ी और खेलप्रेमी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story