झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े में रांची सहित विभिन्न जिलों में कई कार्यक्रम आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े में रांची सहित विभिन्न जिलों में कई कार्यक्रम आयोजित


रांची, 21 नवंबर (हि.स.)। झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 26वें वर्ष और भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत राज्यभर में जनकल्याण, सामाजिक जागरूकता और विकास से जुड़ी गतिविधियां जारी हैं। शनिवार को रांची, लोहरदगा, गिरिडीह, सरायकेला-खरसावां, हजारीबाग, दुमका, चतरा, कोडरमा और जमशेदपुर सहित विभिन्न जिलों में स्वच्छता, आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, महिला सशक्तीकरण और खेलकूद से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए गए।

रांची में जेएसएलपीएस के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों और किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की पहल की गई। सोनाहातू में स्वयं सहायता समूह और फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी को ट्रैक्टर उपलब्ध कराया गया। फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत 15 लाभुकों के लिए 4.40 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। विभिन्न प्रखंडों में 3,216 बकरियों का टीकाकरण किया गया। वहीं सामुदायिक निवेश निधि के तहत महिला समूहों को वित्तीय सहायता दी गई। जिले में 1,425 लाभार्थियों का आधार आधारित ई-केवाईसी भी पूरा किया गया।

जमशेदपुर के मुसाबनी और डुमरिया में आयोजित कार्यक्रमों में स्वयं सहायता समूहों और लाभुकों को क्रमशः 1.26 करोड़ एवं 1.21 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता दी गई। गिरिडीह और दुमका में महिला किसानों के बीच गेहूं, चना और सरसों के बीज वितरित किए गए।

राज्यभर के आंगनबाड़ी केंद्रों में सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गर्भवती और धात्री महिलाओं को स्वास्थ्य जांच, पोषण और मातृत्व योजनाओं की जानकारी दी गई। विभागीय रिपोर्ट के अनुसार, इन गतिविधियों में 1,85,070 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। लोहरदगा में 5,127 लोगों ने महिला एवं बाल विकास विभाग की गतिविधियों में भाग लिया। बाल अधिकार, बाल विवाह रोकथाम, पॉक्सो कानून और साइबर अपराध के प्रति भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।

वहीं रांची, हजारीबाग, चतरा और अन्य जिलों में स्वच्छता अभियान, बाल सभाएं, प्रभात फेरी, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। विभिन्न आवास योजनाओं के तहत लाभुकों को नवनिर्मित घरों में गृह प्रवेश कराया गया। कोडरमा में 65 आवासों में गृह प्रवेश हुआ। हजारीबाग में पीएम आवास ग्रामीण, पीएम जनमन, अबुआ आवास और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के लाभुकों को गृह प्रवेश कराया गया।

खेल और सांस्कृतिक विरासत का उत्सव

गिरिडीह में दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ, जबकि कोडरमा में 682 खिलाड़ियों ने फुटबॉल, वॉलीबॉल, तीरंदाजी और पारंपरिक खेलों में भाग लिया। दुमका में प्रमंडल स्तरीय जनजातीय खेल प्रतियोगिता आयोजित हुई।

इसके अलावा जमशेदपुर में सड़क सुरक्षा रैली, लोहरदगा में तंबाकू मुक्त अभियान, चतरा में पेंशन एवं राजस्व शिविर तथा सरायकेला-खरसावां में स्वास्थ्य जांच और सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के कार्यक्रम आयोजित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781179 Articles

Share this story