झारखंड में फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट की तैयारी तेज

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट की तैयारी तेज


रांची, 23 जुलाई (हि.स.)।

झारखंड में फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (जेएफटीआई) की स्थापना की दिशा में प्रक्रिया तेज हो गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में 22 जुलाई 2026 को झारखंड फिल्म एंड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (एसआरएफटीआई), कोलकाता के बीच हुए एमओयू के बाद गुरुवार को एसआरएफटीआई के कुलपति समीरन दत्ता ने प्रतिनिधिमंडल के साथ सूचना भवन का दौरा किया।

इस दौरान संस्थान के संचालन के लिए उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं का आकलन किया गया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक आनंद ने बताया कि जेएफटीआई के शुरुआती चरण में सूचना भवन से ही एक, दो, तीन और छह माह अवधि के शॉर्ट टर्म कोर्स शुरू किए जाएंगे। विद्यार्थियों और कामकाजी युवाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पार्ट-टाइम, फुल-टाइम और इवनिंग क्लास की व्यवस्था होगी। तकनीकी सहयोग एसआरएफटीआई उपलब्ध कराएगा।

मौके पर समीरन दत्ता ने कहा कि संस्थान शुरू होने से झारखंड के युवाओं को साउंड डिजाइनिंग, एडिटिंग, एनिमेशन, स्क्रिप्ट और स्क्रीनप्ले राइटिंग, सिनेमैटोग्राफी, डायरेक्शन और फिल्म प्रोडक्शन जैसे क्षेत्रों में विश्वस्तरीय व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा। उन्होंने संस्थान के ब्लूप्रिंट, कक्षा डिजाइन, तकनीकी संसाधन और अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने प्रारंभिक चरण में फिल्म एप्रिशिएशन और मीडियाकर्मियों के लिए अल्पकालिक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शुरू करने का भी सुझाव दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story