डाक विभाग झारखंड परिमंडलीय सचिव पहुंचे रामगढ़, कर्मियों ने रखी समस्याएं

WhatsApp Channel Join Now
डाक विभाग झारखंड परिमंडलीय सचिव पहुंचे रामगढ़, कर्मियों ने रखी समस्याएं


रामगढ़, 16 मई (हि.स.)। शहर के थाना चौक स्थित प्रधान डाकघर में भारतीय डाक कर्मचारी महासंघ (ग्रुप सी) झारखंड परिमंडलीय सचिव प्रभात रंजन का शनिवार को आगमन हुआ।

इस दौरान डाकघर के कर्मचारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम का नेतृत्व सहायक डाकपाल रविशंकर राय ने किया।

इस दौरान जिले के विभिन्न डाकघरों से आए कर्मचारियों ने अपनी-अपनी समस्याओं को विस्तार से रखा।

कर्मचारियों ने कार्यस्थल की सुविधाओं, संसाधनों की कमी और अन्य प्रशासनिक मुद्दों से प्रभात रंजन को अवगत कराया।

मौके पर प्रभात रंजन ने कर्मचारियों से कहा कि भारतीय डाक कर्मचारी संघ देश का एक बड़ा मजदूर संगठन है, जो राष्ट्रहित, विभाग हित और कर्मचारी हित में निरंतर कार्य करता है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों की समस्याओं को वरीय अधिकारियों के समक्ष उठाकर जल्द समाधान का प्रयास किया जाएगा।

साथ ही उन्होंने सभी कर्मचारियों से अनुशासन और समयबद्ध कार्य संस्कृति अपनाने की अपील करते हुए कहा कि विभाग है तो हम हैं, इसलिए सबसे पहले विभाग की सेवा करना हमारा कर्तव्य है।

कार्यक्रम के दौरान सहायक डाकपाल रविशंकर राय ने डाकघर परिसर में मुख्य भवन के दायीं ओर खाली पड़ी जमीन पर दोपहिया वाहनों के लिए शेड निर्माण की मांग रखी।

इस प्रस्ताव को सभी कर्मचारियों ने समर्थन दिया। प्रभात रंजन ने इस पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए जल्द ही वरीय अधिकारियों से वार्ता कर निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया।

अभिनंदन सह सम्मान समारोह में प्रभारी डाकपाल रामखेलावन चौधरी सहित कई डाक कर्मी मौजूद थेे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story