झारखंड की चुनौतियों को पहचान कर मॉडल राज्य बनाएगी प्रोफेशनल कांग्रेस : के राजू

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड की चुनौतियों को पहचान कर मॉडल राज्य बनाएगी प्रोफेशनल कांग्रेस : के राजू


रांची, 11 नवंबर (हि.स.)। झारखंड के आर्थिक परिवर्तन पर पेशेवरों का संवाद बुधवार को होटल बीएनआर चाणक्य, रांची में ‘थिंक 2029 – प्रोफेशनल्स फॉर इकोनॉमिक ट्रांसफॉर्मेशन’ के तहत आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस, झारखंड की ओर से किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश महासचिव सह प्रोफेशनल्स प्रभारी आदित्य विक्रम जायसवाल ने की।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड कांग्रेस प्रभारी के राजू, प्रोफेशनल्स कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु यास्की गौड़, लेखक सुवीर सरन और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश उपस्थित थे। वहीं विशिष्ट अतिथि में कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की, कांग्रेस नेता आलोक दुबे लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ राजेश गुप्ता सहित अन्यश उपस्थित थे।

सम्मेलन में देश और झारखंड के प्रोफेशनल्स, डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षाविद्, चार्टर्ड अकाउंटेंट, कानून विशेषज्ञ, उद्यमी और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के राजू ने कहा कि प्रोफेशनल कांग्रेस झारखंड ने ऐसे प्रोफेशनल्स को पहचानना है, जो सिर्फ प्रोफेशनल ही नहीं, बल्कि लोगों की जिंदगी में बदलाव लाना चाहते हैं जो वंचित वर्ग को सशक्त करना चाहते हैं, हर वर्ग तक शिक्षा पहुंचाना चाहते हैं और सबको गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य देना चाहते हैं।

झारखंड प्रोफेशनल कांग्रेस ऐसे लोगों को पहचानेगी, जो सिर्फ विकास की बात नहीं, समानता और बराबरी की बात भी करते हैं। उन्होंने कहा कि अगले दो वर्षों में हम हर विषय पर प्रोफेशनल कांग्रेस से जुड़ेंगे, जहां झारखंड के विजन को आकार देने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि हम झारखंड की चुनौतियों को पहचानेंगे और उसे एक मॉडल राज्य बनाएंगे।

शिक्षा व्यवस्थाऔर सिंगल विंडो सिस्टम पर करेंगे काम : मधु यास्की

मौके पर प्रोफेशनल्स कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु यास्की गौड़ ने कहा कि झारखंड मानव और प्राकृतिक संसाधन से भरपूर राज्य है। लोगों की भागीदारी से ही नया झारखंड बनेगा। उन्होंने झारखंड प्रोफेशनल कांग्रेस के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था और सिंगल विंडो सिस्टम पर हम काम करेंगे। साथ ही जल जंगल जमीन पर प्रोफेशनल पैनल बनायेंगे।

लेखक सुवीर सरन ने कहा कि हमारे पास आज भी ऐसे पुरुष और महिलाएं हैं, जो सोचते हैं कि वे युवाओं को सशक्त करेंगे। मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि प्रोफेशनल कांग्रेस का मकसद प्रोफेशनल सेक्टर, हेल्थ सेक्टर सहित सभी प्रोफेशनल एक मंच पर आकर पॉलिसी मेकिंग में सरकार को अपने सुझाव देना है।

आयोजक आदित्य विक्रम जायसवाल ने कहा कि झारखंड में टैलेंट, अवसर और संसाधन की कमी नहीं है, लेकिन मार्गदर्शन की कमी है। प्रोफेशनल, चार्टर्ड अकाउंटेंट, बुद्धिजीवी और इकोनॉमिस्ट के साथ मिलकर ऐसी पॉलिसी बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे युवाओं को पलायन न करना पड़े। राज्य में ही इंडस्ट्रियल ग्रोथ, यूथ एम्प्लॉयमेंट और डोमेस्टिक इंडस्ट्री को बढ़ावा देने की जरूरत है।

कार्यक्रम का संचालन प्रदेश कांग्रेस महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने किया। थिंक झारखंड 2029 के पैनलिस्ट के रूप में सुझाव देने वालों में तुलसी पटेल, रणजीत गड़ोदिया, डॉ जावेद अहमद सहित अन्य ने अपने सुझाव दिये।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775558 Articles

Share this story