झारखंड आंदोलनकारियों ने मांगों को लेकर किया विधानसभा के समक्ष प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड आंदोलनकारियों ने मांगों को लेकर किया विधानसभा के समक्ष प्रदर्शन


रांची, 16 मार्च (हि.स.)। झारखंड आंदोलनकारी चिन्हितीकरण आयोग का कार्यकाल बढ़ाने, बीमार और वृद्ध आंदोलनकारीयों को 15 लाख रुपये का गुरुजी मेडिकल कॉर्ड जारी करने और आंदोलनकारियों को 25 हजार रुपये की सम्मान राशि देने की मांग को लेकर आंदोलनकारियों ने सोमवार को विधानसभा के समक्ष प्रदर्शन किया।

आंदोलनकारी पुराना विधानसभा मैदान से रैली निकाल कर कूटे मैदान पहुंचे जहां अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।

इसके बाद आंदोलनकारियों का सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर 11 सूत्री मांग पत्र सौंपा। सौंपे गए मांग पत्र में झारखंड आंदोलन के अगुआ दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भारत रत्न से सम्मानित करने का प्रस्ताव विधानसभा से पारित करने की मांग की।

मौके पर झारखंड आंदोलनकारियों ने कहा कि आयोग का कार्यकाल खत्म होने से आंदोलनकारियों की समस्या और भी जटिल हो गई है, आंदोलनकारी बीमारी और बुढ़ापे से 25 वर्षों के बाद भी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि आंदोलकारियों के लिए गुरुजी मेडिकल कॉर्ड जारी कर सभी आंदोलनकारियों को सम्मान राशि सुनिश्चित की जाय अन्यथा आंदोलनकारी आंदोलन की राह पकड़ने को विवश होंगे।

मौके पर कई आंदोलनकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story