झारखंड आंदोलनकारी दामू बानरा का निधन, सुदेश ने जताया शोक

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड आंदोलनकारी दामू बानरा का निधन, सुदेश ने जताया शोक


रांची, 14 जुलाई (हि.स.)। चाईबासा के वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी दामू बानरा का निधन हो गया। उनके निधन पर आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यपक्ष सुदेश महतो ने शोक जताया है। सुदेश महताे ने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि दामू बानरा ने कोल्हान क्षेत्र में झारखंड आंदोलन को उग्र तेवर दिया था। वे आजसू के महासचिव भी रहे। दामू बानरा ने अपने पूरे जीवन में झारखंड आंदोलन और आजसू की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। विशेष रूप से कोल्हान क्षेत्र के युवाओं को बौद्धिक रूप से जागरूक, संगठित और प्रेरित करने में उनकी भूमिका सदैव स्मरणीय है।

उन्होंने कहा कि बानरा एक दूरदर्शी चिंतक, कुशल मार्गदर्शक और समर्पित जननेता थे, जिन्होंने अपने विचारों और कर्मों से अनेक युवाओं को समाज और राज्य के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

सुदेश ने कहा कि उनका निधन आजसू परिवार, झारखंड आंदोलन और पूरे कोल्हान क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका संघर्ष, सिद्धांत और समाज के प्रति समर्पण को सदैव सम्मान और श्रद्धा के साथ याद किया जाएगा।

पार्टी के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, विधायक निर्मल महतो, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर और हसन अंसारी, मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, महासचिव राजेंद्र मेहता, सहित पार्टी के अन्य नेताओं ने भी दामू बानरा के निधन पर शोक जताया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story