डॉ. सीमा सिंह ने संभाला भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष का कार्यभार

WhatsApp Channel Join Now
डॉ. सीमा सिंह ने संभाला भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष का कार्यभार


डॉ. सीमा सिंह ने संभाला भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष का कार्यभार


-संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना प्राथमिकता : डॉ. सीमा सिंह-महिला सहभागिता के बिना विकसित भारत का सपना अधूरा: गणेश मिश्रा

रांची, 12 सितंबर (हि.स.)। झारखंड भाजपा प्रदेश कार्यालय के सभागार में शनिवार को आयोजित समारोह में पार्टी की नवनियुक्त महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सीमा सिंह ने विधिवत अपना कार्यभार संभाला। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, निवर्तमान महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह, प्रदेश प्रवक्ता आरती कुजूर, रांची की महापौर रोशनी खलखो सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। डॉ. सीमा सिंह के पदभार ग्रहण करने पर कार्यकर्ताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया।

प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने कहा कि महिलाएं दृढ़ इच्छाशक्ति और सामर्थ्य की प्रतीक हैं। जिस तरह महिलाएं अपने परिवार को संभालकर घर को बेहतर बनाती हैं, उसी तरह देश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की क्षमता रखती हैं। महिलाओं की बड़ी भागीदारी के बिना विकसित भारत का सपना अधूरा रहेगा। पुरुष और महिलाएं मिलकर काम करेंगे, तभी विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा किया जा सकता है।

गणेश मिश्रा ने डॉ. सीमा सिंह को जुझारू और पार्टी के प्रति समर्पित नेत्री बताते हुए कहा कि संगठन ने उन्हें अब तक जो भी जिम्मेदारी दी है, उन्होंने उसे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए दायित्व में भी डॉ. सीमा सिंह संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने इस मौके पर डॉ. सीमा सिंह को नए दायित्व के लिए बधाई देते हुए कहा कि संगठन में कोई पद प्रतिष्ठा के लिए नहीं होता, बल्कि यह जिम्मेदारी और दायित्व का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा महिलाओं को सशक्त बनाने और उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास करती रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं में महिलाओं को केंद्र में रखा गया है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बनाने पर लगातार काम किया जा रहा है।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह प्रदेश प्रवक्ता आरती कुजूर ने कहा कि भाजपा का महिला मोर्चा हमेशा से मजबूत रहा है और महिलाओं ने संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि देश की महिलाएं अब नई भूमिका के साथ आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं।

निवर्तमान महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाना है। महिलाओं ने अपनी सक्रिय भागीदारी से हमेशा संगठन को मजबूत किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. सीमा सिंह अपने संगठनात्मक अनुभव और क्षमता से झारखंड भाजपा महिला मोर्चा को और अधिक मजबूत बनाएंगी।

नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सीमा सिंह ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व की ओर से दी गई जिम्मेदारी को सभी के सहयोग से पूरा किया जाएगा। वह इस दायित्व को केवल पद के रूप में नहीं, बल्कि सेवा, संगठन और समाज के प्रति बड़ी जिम्मेदारी के रूप में स्वीकार करती हैं। उन्होंने कहा कि महिला कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण संगठन की सबसे बड़ी पूंजी है। पूर्व पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जो मजबूत आधार तैयार किया है, उसी पर आगे संगठन को और विस्तार दिया जाएगा।

सीमा सिंह ने कहा कि वह पार्टी नेतृत्व के भरोसे और नए दायित्व पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगी। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति को मजबूत करने के साथ-साथ संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना उनकी प्राथमिकता होगी।

कार्यक्रम में रेणु तिर्की, शालिनी बैसिखियार, सीमा शर्मा, काजल प्रधान, उषा पांडेय, अमिता भाटिया, रागिनी सिन्हा, गंगोत्री कुजूर, शेफाली गुप्ता, बबिता झा, बबिता वर्मा, रूपा सिंह, अर्चना सिंह, नीलम चौधरी, कुमुद झा, रंजीता सिंह, लवली गुप्ता, रमा सिन्हा, सरिता पांडेय और कमल सिंह कौर सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story