जनवादी लेखक संघ ने दिवंगत आशा भोंसले को दी श्रद्धांजलि, मनाई अम्बेडकर जयंती

WhatsApp Channel Join Now
जनवादी लेखक संघ ने दिवंगत आशा भोंसले को दी श्रद्धांजलि, मनाई अम्बेडकर जयंती


रांची, 14 अप्रैल (हि.स.)। अम्बेडकर जयंती और राहुल सांकृत्यायन की पुण्य तिथि के अवसर पर जनवादी लेखक संघ, रांची की ओर से मंगलवार को रांची में गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस मौके पर मशहूर पार्श्वगायिका आशा भोंसले और प्रगतिशील लेखक संघ से जुड़े गीतकार एवं ग़ज़लगो शायर प्रवीण परिमल के निधन पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके अलावे केंद्रीय परिषद की सदस्य डॉ किरण ने केंद्रीय परिषद में रांची जलेस के दो सक्रिय सदस्यों को 12 अप्रैल को लखनऊ में आयोजित राष्ट्रीय परिषद की बैठक में शामिल करने की घोषणा की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुमार बृजेन्द्र ने कहा कि बाबा साहेब एवं राहुल जी का जीवन मानवीय मूल्यों पर आधारित था। इस समय उन्हें पढ़ना, सोचना और आत्मसात करना वर्तमान समय की सबसे बड़ी जरूरत हैं। मौके पर डॉ विनोद कुमार ने कहा कि हमसब मिलजुलकर रहें। बाबा साहब और राहुल सांकृत्यायन को अपने जीवन में उतारें और ऊंच-नीच रहित खुशहाल समाज की ओर बढ़ें।

डॉ जमशेद कमर ने कहा कि इस दौर में हमें नागरिकता की दोहरी जिम्मेदारी निभाने की जरूरत है,क्योंकि एक नागरिक होने के नाते हमारी जिम्मेदारी अभी अधिक बढ़ गई है। वीणा श्रीवास्तव ने राहुल सांकृत्यायन की पूरी जीवनी पर बड़ा मार्मिक छंदमुक्त कविता के माध्यम से उन्हें याद किया। कार्यक्रम का संचालन अपराजिता मिश्रा और डॉ. आलम आरा ने किया।

इस अवसर पर संघ के पूर्व अध्यक्ष डॉ विनोद कुमार, डॉ किरण, डॉ जमशेद कमर, वीना श्रीवास्तव, सुधीरपाल, निगार सुल्ताना, सुधीर पाल, इस्लाम, विक्की मिंज, नीलोफर मिंज, सुधीर साहू, बिपुल कच्छप सहित अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story