जमशेदपुर में दुर्गा पूजा के दाैरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, दाे हजार जवानों की तैनाती
पूर्वी सिंहभूम, 15 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने व्यापक तैयारी की है। पूजा पंडालों में उमड़ने वाली भीड़, प्रमुख सड़कों पर बढ़ने वाले यातायात के दबाव और संवेदनशील इलाकों की स्थिति को देखते हुए जिले में करीब दाे हजार सुरक्षा जवानों को तैनात किया जाएगा। पुलिस की निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी का सहारा लिया जाएगा। वहीं, किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) को अलर्ट मोड में रखा गया है।
एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब, सीटी एसपी ललित मीणा, ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल और ए एसपी ने संयुक्त रूप से गुरुवार को सुरक्षा तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए जिले के सभी थाना क्षेत्रों के अलावा प्रमुख चौक-चौराहों, मुख्य सड़कों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था में जिला पुलिस के साथ रैपिड एक्शन पुलिस (आरएपी), झारखंड जगुआर, स्पेशल ऑर्डनेंस पुलिस (एसएपी) और अन्य विशेष बलों के जवान भी लगाए जाएंगे। पुलिसकर्मी लगातार गश्त करेंगे, ताकि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और किसी भी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई हो।
पुलिस प्रशासन ने जिले के लगभग 30 संवेदनशील पूजा पंडालों को विशेष निगरानी के दायरे में रखा है। इन पंडालों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ सादे लिबास में खुफिया कर्मियों को भी लगाया जाएगा। भीड़ के बीच संदिग्ध गतिविधियों और हुड़दंग करने वालों पर नजर रखने के लिए तकनीकी निगरानी व्यवस्था को सक्रिय रखा जाएगा। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 150 महिला पुलिसकर्मियों को अलग-अलग पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा। इसके अलावा पूजा समितियों को स्वयंसेवकों की पर्याप्त व्यवस्था करने और अग्निशमन उपकरण उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया है।
दुर्गा पूजा के दौरान शहर को जाम से बचाने के लिए यातायात प्रबंधन पर भी विशेष जोर दिया गया है। प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित किया जाएगा और आवश्यकता के अनुसार यातायात मार्गों में बदलाव किया जाएगा। वाहन चालकों की सुविधा के लिए अलग-अलग स्थानों पर अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यातायात की निगरानी के लिए सीसीआर में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जिसके माध्यम से शहर की सड़कों की स्थिति पर नजर रखी जाएगी। प्रमुख पूजा पंडालों और संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन तथा सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी।
एसएसपी ने शहरवासियों से अपील की है कि वे पूजा के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, पुलिस प्रशासन के निर्देशों का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क किया जा सकता है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था का उद्देश्य श्रद्धालुओं को भयमुक्त माहौल उपलब्ध कराना और दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक

