जैक ने जारी किया 11वीं का परिणाम, 99.12 प्रतिशत छात्र सफल

WhatsApp Channel Join Now
जैक ने जारी किया 11वीं का परिणाम, 99.12 प्रतिशत छात्र सफल


रांची, 14 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने मंगलवार को कक्षा 11वीं (इंटरमीडिएट) परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया।

यह परीक्षा राज्यभर में 25 फरवरी से 28 फरवरी 2026 के बीच आयोजित की गई थी। जैक मुख्यालय, रांची में आयोजित कार्यक्रम में परिषद के अध्यक्ष डॉ नटवा हांसदा ने सचिव, परीक्षा नियंत्रक एवं वरिष्ठ सूचना पदाधिकारी (एसआईओ) की उपस्थिति में परिणाम जारी किया।

जारी आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष कुल 3,61,683 विद्यार्थियों का नामांकन हुआ था, जिनमें से 3,58,533 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 3,55,399 विद्यार्थियों को सफल घोषित किया गया।

इस प्रकार कुल 99.12 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए, जो राज्य के लिए एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।

इस वर्ष का परिणाम सभी प्रमंडलों और जिलों में बेहतर रहा है, जिससे शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता और छात्रों की मेहनत का सकारात्मक परिणाम सामने आया है।

परिणाम घोषित करते हुए जैक के अध्यक्ष डॉ नटवा हांसदा ने विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षकों और स्कूल प्रशासन को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने परीक्षा के सफल और पारदर्शी संचालन के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारियों, प्राचार्यों और परीक्षा से जुड़े सभी कर्मियों के समन्वित प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने उन छात्रों को भी प्रेरित किया जो किसी कारणवश अनुपस्थित रहे या अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि ऐसे छात्र आगामी शैक्षणिक अवसरों का लाभ उठाकर निरंतर मेहनत करें और अपने प्रदर्शन में सुधार लाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story