कल्याण विभाग की समीक्षा में 13,171 छात्रवृत्ति आवेदनों की स्वीकृति

WhatsApp Channel Join Now
कल्याण विभाग की समीक्षा में 13,171 छात्रवृत्ति आवेदनों की स्वीकृति


खूंटी , 25 नवंबर (हि.स.)। उपायुक्त मो. जावेद हुसैन की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय स्थित सभागार में आइटीडीए एवं कल्याण विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं और प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ई-कल्याण पोर्टल पर प्राप्त 13,171 नए छात्रवृत्ति आवेदनों को समिति ने मंजूरी प्रदान की।

बैठक में उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित करने और लंबित कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।

प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ई-कल्याण पोर्टल पर प्राप्त 13,171 नए आवेदनों की समीक्षा की गई। संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों द्वारा आवेदनों का भौतिक सत्यापन और अनुमोदन किए जाने के बाद समिति ने सभी आवेदनों को स्वीकृति दे दी।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में छात्रवृत्ति की राशि जल्द से जल्द हस्तांतरित की जाए, ताकि विद्यार्थियों को समय पर योजना का लाभ मिल सके। बैठक में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत संचालित टीएमएमसी योजना की भी समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को योजना के सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। इसके अलावा सहयोग विलेज के बच्चों का नामांकन आवासीय विद्यालयों में कराने को लेकर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने और बच्चों को शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के साथ पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने छात्रवृत्ति वितरण में किसी तरह की अनावश्यक देरी नहीं होने देने पर भी जोर दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश, जिला कल्याण पदाधिकारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा सहित आइटीडीए एवं कल्याण विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782905 Articles

Share this story