झारखंड में 25 और 26 को वज्रपात और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में 25 और 26 को वज्रपात और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट


झारखंड में 25 और 26 को वज्रपात और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट


रांची, 23 अप्रैल (हि.स.)। राज्य भर में भीषण गर्मी के बीच 25 और 26 अप्रैल से मौसम में बदलाव होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में गर्जन के साथ वज्रपात होने और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

साथ ही इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवा चलने की भी संभावना है।

25 अप्रैल को राज्य के जिन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है उनमें बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज शामिल है। साथ ही 26 अप्रैल को राज्य के रांची, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, गोड्डा, और साहिबगंज में गर्जन और ओलावृष्टि के साथ वज्रपात होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 29 अप्रैल तक राज्य के विभिन्न जिलों में गर्जन के साथ वज्रपात होने की संभावना व्यक्त की है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। इसे लेकर विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इधर, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान चाईबासा और सरायकेला में 43 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस गुमला में रिकॉर्ड किया गया।

गुरुवार को रांची और आसपास के इलाकों में दिनभर मौसम साफ रहा और भीषण गर्मी महसूस की गई।

वहीं, गुरुवार को रांची में अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री और न्यूनतम 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि जमशेदपुर में अधिकतम 42.2 डिग्री और न्यूनतम 26.4 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 42.8 और न्यूनतम 23.7 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 41.5 डिग्री और न्यूनतम 22.6 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story