आदिवासी संस्कृति मिटाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं : इरफान

WhatsApp Channel Join Now
आदिवासी संस्कृति मिटाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं : इरफान


जामताड़ा, 21 अक्टूबर (हि.स.)। मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने आदिवासी संस्कृति, पहचान और परंपराओं की रक्षा का संकल्प दोहराते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने दो टूक कहा कि आदिवासी समाज की सभ्यता और संस्कृति झारखंड की आत्मा है। यात्रा कार्यक्रम सिर्फ धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि गौरवशाली विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम है। लेकिन जिस तरह आदिवासियों की संस्कृति मिटाने की कोशिश की जा रही है उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मंत्री इरफान अंसारी बुधवार को जिले के नारायणपुर प्रखंड स्थित पहाड़पुर में आयोजित ऐतिहासिक यात्रा कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि यात्रा कार्यक्रम पर कोई रोक बर्दाश्त नहीं होगी और आयोजन की अनुमति के नाम पर अवैध वसूली की शिकायत मिलने पर संबंधित थाना या पदाधिकारी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

अंसारी ने दावा किया कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार आदिवासी परंपराओं के सम्मान और संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए मंत्री ने आरोप लगाया कि जटिल फॉर्म और प्रक्रियाओं से आम लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया में निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाएगा और कांग्रेस जनता के अधिकारों एवं संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

कार्यक्रम में कांग्रेस नेता और राजनीतिक सलाहकार निशपती हांसदा, स्थानीय जनप्रतिनिधि, बीरबल अंसारी, फैयाज कैसर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764645 Articles

Share this story