रांची में रक्षा राज्य मंत्री ने राज्यपाल से की शिष्टाचार भेंट, सांसद सांस्कृतिक उत्सव के लिए किया आमंत्रित
रांची, 22 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से बुधवार को रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने लोक भवन में शिष्टाचार भेंट की।
इस मुलाकात के दौरान संजय सेठ ने राज्यपाल को आगामी 1 से 3 मई तक ऑड्रे हाउस, रांची में आयोजित होने वाले सांसद सांस्कृतिक महोत्सव सह स्वदेशी मेला में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
रक्षा राज्य मंत्री ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्थानीय कला, संस्कृति और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय कलाकारों और कारीगरों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलता है, जिससे उनकी पहचान बढ़ती है और उनकी आजीविका को भी मजबूती मिलती है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस महोत्सव के जरिए स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन मिलेगा और क्षेत्रीय सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

