निवेश से पूर्व अपनी आय, जोखिम उठाने की क्षमता और निवेश की अवधि का रखें ध्यान : सीए दीपक
रांची, 05 अक्टूबर (हि.स.)। दी इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की फाइनेंशियल मार्केट्स एंड इन्वेस्टर्स प्रोटेक्शन कमिटी और भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को होटल रमाडा, रांची में निवेशक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में 150 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के विशेषज्ञ वक्ता सीए दीपक गाडोदिया ने प्रतिभागियों को पूंजी बाजार की बुनियादी अवधारणाओं, निवेश के विभिन्न विकल्पों और वित्तीय योजना के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि निवेश करने से पूर्व व्यक्ति को अपनी आय, वित्तीय लक्ष्य, जोखिम उठाने की क्षमता और निवेश की अवधि को ध्यान में रखना चाहिए। उन्होंने बचत और निवेश योजनाओं, म्यूचुअल फंड, शेयर बाजार एवं जोखिम प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को सरल भाषा में समझाया। साथ ही, उन्होंने निवेशकों को अनधिकृत निवेश योजनाओं और भ्रामक दावों से सावधान रहने की सलाह दी।
शिकायतों के समाधान के लिए शिकायत निवारण व्यवस्थाओं का हो उचित उपयोग
उन्होंने यह भी बताया कि निवेशकों की शिकायतों के समाधान के लिए उपलब्ध नियामकीय और शिकायत निवारण व्यवस्थाओं का उचित उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रतिभागियों से वित्तीय निर्णय लेते समय जागरूक और सतर्क निवेशक बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के शुरूआत में रांची शाखा के अध्यक्ष सीए अनीश जैन ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक व्यक्ति के लिए वित्तीय साक्षरता और निवेश संबंधी सही जानकारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जागरूक निवेशक ही अपने वित्तीय भविष्य को सुरक्षित एवं सुदृढ़ बना सकता है।
कार्यक्रम में रांची शाखा के उपाध्यक्ष सीए विवेक खोवाल, कोषाध्यक्ष सीए हरेन्दर भारती सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

