झारखंड में निवेश समझौतों से रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास को मिलेगी नई दिशा : चेंबर

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में निवेश समझौतों से रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास को मिलेगी नई दिशा : चेंबर


रांची, 09 जुलाई (हि.स.)। नई दिल्ली में झारखंड सरकार की ओर से आयोजित नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन–2026 में फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज का प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा के नेतृत्व में गुरुवार को शामिल हुआ।

इस अवसर पर राज्य सरकार की ओर से झारखंड औद्योगिक और निवेश प्रोत्साहन नीति, 2026 (ड्राफ्ट), झारखंड टेक्सटाइल, अपैरल एवं फुटवियर नीति, 2026 (ड्राफ्ट) सहित विभिन्न सेक्टोरल नीतियों पर उद्यमियों, निवेशकों, नीति विशेषज्ञों एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ सुझाव प्राप्त किए गए।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की उपस्थिति में राज्य में निवेश आकर्षित करने और औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में हुए एमओयू का झारखंड चेंबर ने स्वागत किया और कहा कि इन समझौतों से राज्य में निवेश, रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी।

चेंबर की ओर से राज्य की उद्योग और टेक्सटाइल नीति की प्रशंसा करते हुए इसे और अधिक प्रभावी बनाने का सुझाव दिया गया। नीति में चेंबर के सुझावों को समाहित करने के लिए चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने उद्योग मंत्री, उद्योग सचिव और उद्योग निदेशक के प्रति आभार जताया। कंसल्टेशन के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार, उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह तथा स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी से शिष्टाचार भेंट की।

इस दौरान राज्य के औद्योगिक विकास, निवेश संवर्धन, व्यापार सुगमता और उद्योगों से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।

इस अवसर पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की समन्वय समिति के अध्यक्ष राजेश ठाकुर भी उपस्थित थे।

प्रतिनिधिमंडल में चेंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा के साथ महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव रोहित पोद्दार एवं कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विनय अग्रवाल, उद्योग उप समिति के अध्यगक्ष बिनोद कुमार अग्रवाल और उप समिति चेयरमैन निरंजन शर्मा शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story