जेपीएससी परीक्षा घोटाले की जांच तेज, पूर्व चेयरमैन एल खियांग्ते के घर सीआईडी का छापा

WhatsApp Channel Join Now
जेपीएससी परीक्षा घोटाले की जांच तेज, पूर्व चेयरमैन एल खियांग्ते के घर सीआईडी का छापा


रांची, 23 जुलाई (हि.स.)। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा परिणाम में कथित गड़बड़ी की जांच अब पूर्व अध्यक्ष तक पहुंच गई है। गुरुवार को अपराध अनुसंधान विभाग सीआईडी की टीम जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष और झारखंड के पूर्व मुख्य सचिव रह चुके एल खियांग्ते के आवास पर पहुंची। टीम ने उनके घर की तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की भी तैनाती की गई।

उल्लेखनीय है कि सीआईडी 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा परिणाम में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही है। इसी सिलसिले में पहले भी कई स्थानों पर छापेमारी की जा चुकी है और महत्वपूर्ण दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तथा डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं, अब जांच की कड़ी पूर्व अध्यक्ष के आवास तक पहुंचने को इस मामले में अहम कदम माना जा रहा है।

इस मामले में सीआईडी अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें जेपीएससी की तत्कालीन डिप्टी कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन श्वेता कुमारी गुप्ता, टीएसआर डाटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक रामवीर सिंह, कंपनी के कर्मचारी प्रशांत कुमार, अभिषेक कुमार और अजय कुमार शामिल हैं। जांच एजेंसी ने उनके पास से पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क, कंप्यूटर और कई अहम दस्तावेज भी जब्त किए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।

सीआईडी की कार्रवाई के बाद 22 जुलाई को जेपीएससी ने 25 जुलाई से प्रस्तावित 14वीं जेपीएससी की मुख्य परीक्षा सहित अन्य परीक्षाओं को स्थगित कर दिया था। इसको लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा ने जेपीएससी कार्यालय का घेराव भी किया था।

उल्लेखनीय है कि 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा के परिणाम को लेकर अभ्यर्थियों ने बड़े पैमाने पर अनियमितताओं के आरोप लगाए थे। इसके बाद राज्य सरकार ने मामले की जांच सीआईडी को सौंपी थी। जांच के दौरान लगातार हो रही गिरफ्तारियों और अब पूर्व चेयरमैन के आवास पर हुई तलाशी से साफ है कि एजेंसी मामले की हर कड़ी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story