अंतरराष्ट्रीय वन दिवस पर रांची में ‘स्प्रिंग आर्ट कैंप-2026’ का सफल आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
अंतरराष्ट्रीय वन दिवस पर रांची में ‘स्प्रिंग आर्ट कैंप-2026’ का सफल आयोजन


रांची, 21 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय वन दिवस के अवसर पर वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से शनिवार को रांची में ‘ऑल इंडिया स्प्रिंग आर्ट कैंप-2026’ का आयोजन कर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में ओरमांझी स्थित कस्तूरबा गांधी विद्यालय की छात्राओं ने भाग लिया और वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाई।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रकृति आधारित संगीत प्रस्तुति से हुई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मंडलीय वन अधिकारी (डीएफओ) श्रीकांत वर्मा ने छात्राओं और उपस्थित पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय वन दिवस केवल जंगलों का उत्सव नहीं, बल्कि प्रकृति और जीवन के गहरे संबंध को समझने और उसे संरक्षित करने का संकल्प लेने का अवसर है।

उन्होंने कहा कि वन हमारे जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में इनकी अहम भूमिका है। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रकृति से सीख लेने, हरियाली बचाने और वन्यजीवों की रक्षा करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण थीम पर फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा सभी अधिकारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और उपस्थित लोगों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राएं, अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story