जैक इंटर का रिजल्ट जारी, 96.68 प्रतिशत उत्तीर्णता के साथ बेटों से आगे रहीं बेटियां

WhatsApp Channel Join Now
जैक इंटर का रिजल्ट जारी, 96.68 प्रतिशत उत्तीर्णता के साथ बेटों से आगे रहीं बेटियां


रांची, 06 मई (हि.स.)। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने बुधवार को इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया। रिजल्ट को जैक के अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा ने औपचारिक रूप से घोषित किया। इस वर्ष भी छात्र-छात्राओं का प्रदर्शन शानदार रहा और कुल पास प्रतिशत 96 प्रतिशत से अधिक दर्ज किया गया।

जैक की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 85,104 छात्र शामिल हुए, जिनमें से 81,144 छात्र सफल रहे। लड़कों का पास प्रतिशत 95.34 प्रतिशत रहा। वहीं, छात्राओं ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन करते हुए 96.68 प्रतिशत सफलता दर हासिल की। परीक्षा में कुल 1,25,991 छात्राएं शामिल हुई थीं, जिनमें से 1,21,814 सफल रहीं।

जैक अध्यक्ष ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही जिन छात्रों का परिणाम अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा, उन्हें निराश न होने और आगे बेहतर प्रदर्शन करने की सलाह दी गई है।

छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार परिणाम को डिजिटल प्लेटफॉर्म DigiLocker पर जारी किया गया है। छात्र आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से अपना स्कोरकार्ड तुरंत देख सकते हैं।

ऐसे चेक करें अपना स्कोरकार्ड

छात्र-छात्राएं सबसे पहले डिजीलॉकर की वेबसाइट या ऐप पर जाएं और झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) सेक्शन को चुनें। इसके बाद अपना रोल कोड और रोल नंबर दर्ज करें। स्क्रीन पर मार्कशीट दिखाई देगी, जिसे डाउनलोड कर भविष्य के लिए सुरक्षित रख लें।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story