अंतर महाविद्यालय महिला फुटबॉल टूर्नामेंट में रामगढ़ कॉलेज बना चैंपियन

WhatsApp Channel Join Now
अंतर महाविद्यालय महिला फुटबॉल टूर्नामेंट में रामगढ़ कॉलेज बना चैंपियन


चतरा, 06 नवंबर (हि.स.)। महिला महाविद्यालय चतरा के तत्वावधान में जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय विनोबा भावे विश्वविद्यालय अंतर महाविद्यालय महिला फुटबॉल टूर्नामेंट शुक्रवार को संपन्न हो गया। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के पांच महाविद्यालयों की महिला टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें महिला महाविद्यालय चतरा, चतरा महाविद्यालय, संत कोलंबा महाविद्यालय हजारीबाग, रामगढ़ महाविद्यालय रामगढ़ और जगन्नाथ जैन महाविद्यालय झुमरीतिलैया की टीमें शामिल थीं। नॉकआउट मुकाबलों के बाद जगन्नाथ जैन महाविद्यालय और रामगढ़ महाविद्यालय की टीमें फाइनल में पहुंचीं।

शुक्रवार को खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में रामगढ़ महाविद्यालय की टीम ने जगन्नाथ जैन महाविद्यालय को 1-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। रामगढ़ की ओर से वीणा कुमारी ने एकमात्र निर्णायक गोल किया। वीणा कुमारी ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक तीन गोल दागे। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन संबलपुर, ओडिशा में आयोजित होने वाले अंतर विश्वविद्यालय फुटबॉल टूर्नामेंट के लिए किया गया।

चयनकर्ता के रूप में विश्वविद्यालय के उत्तम कुमार और शुभम राजा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समापन समारोह में मुख्य अतिथि चतरा महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डॉ. रामानंद पांडेय और महिला महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बलदेव राम ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों को मेडल और प्रतियोगिता में शामिल सभी टीमों के प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र दिया गया।

इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए एकाग्रता, अनुशासन और परिस्थितियों के अनुरूप निर्णय लेने की क्षमता आवश्यक है। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. शोभा कुजूर, डॉ. प्रिया, राजदेव गुप्ता, विकास चतुर्वेदी, चंद्रकांत कमल, तीर्थनाथ रजक, छोटू हेंब्रम, संतोष, प्रदीप, रूबी, कमला, नीतीश, प्रिंस, तैयब सहित महाविद्यालय के शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773656 Articles

Share this story