डीसी ने 53 दिनों में खरीफ फसल के सीएमआर का लक्ष्य पूरा करने का दिया निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
डीसी ने 53 दिनों में खरीफ फसल के सीएमआर का लक्ष्य पूरा करने का दिया निर्देश


रामगढ़, 12 मई (हि.स.)। खरीफ विपणन साप्ताहिक सीएमआर (कस्टम मिल्ड राइस) का लक्ष्य 53 दिनों में हासिल करना है। दिसंबर 2025 महीने से शुरू हुई धान की खरीदारी से जून महीने के अंत तक रामगढ़ जिले में 1,11,112.85 क्विंटल चावल राइस मिलों को जिला आपूर्ति कार्यालय को उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित था। रामगढ़ जिले में कुंज बिहारी राइस मिल और पनाह राइस मिल को सीएमआर उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

रामगढ़ डीसी ऋतुराज ने जब खरीफ विपणन साप्ताहिक सीएमआर के लक्ष्य को लेकर समीक्षा की तो उन्हें राइस मिल संचालकों के द्वारा बरती जा रही लापरवाही भी मिली। समीक्षा के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि रामगढ़ जिले में सीएमआर प्राप्ति के लिए निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले लगभग 62 फ़ीसदी ही टार्गेट पूरा हो पाया है। वर्तमान समय तक कुंज बिहारी राइस मिल और पनास राइस मिल दोनों ने मिलकर 68,205.69 क्विंटल चावल ही जिला आपूर्ति कार्यालय को उपलब्ध कराया है। शेष 42907.16 क्विंटल चावल उपलब्ध कराना बाकी है।

डीसी ने पाया कि कुंज बिहारी राइस मिल के संचालक के द्वारा घोर लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने इस प्लांट को संबद्ध किए गए कुल पैक्स में से चार पैक्स की संबद्धता हटाने का निर्देश दिया। साथ ही उन पैक्स को पनास राइस मिल के साथ संबद्ध कर दिया।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी रंजीता टोपो ने बताया कि डीसी के निर्देश के बाद खरीफ विपणन साप्ताहिक सीएमआर का लक्ष्य निर्धारित कर दिया गया है। अगले 53 दिनों में कुंज बिहारी राइस मिल के संचालक को हर सप्ताह 4930 क्विंटल चावल उपलब्ध कराना अनिवार्य है। पनास राइस मिल को 1160 क्विंटल चावल उपलब्ध कराना अनिवार्य है। अगर वह इस लक्ष्य की प्रति नहीं कर पाते हैं तो वरीय अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story