कैंब्रियन पब्लिक स्कूल में कंपोजिट स्किल लैब का मंत्री ने किया उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
कैंब्रियन पब्लिक स्कूल में कंपोजिट स्किल लैब का मंत्री ने किया उद्घाटन


रांची, 29 सितंबर (हि.स.)। राजधानी के कांके रोड स्थित कैंब्रियन पब्लिक स्कूल में मंगलवार को कंपोजिट स्किल लैब असीमो का उद्घाटन उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव और सीसीएल की महाप्रबंधक (सिस्टम) विभा उरांव सहित अन्य अतिथियों ने किया।

रोबोटिक्स, नवाचार और भावी प्रौद्योगिकी पर आधारित असीमो कंपोजिट स्किल लैब एक ऐसा आधुनिक प्रयोगशाला है जहां विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के अलावा व्यवहारिक कौशल सिखाया जाएगा। मौके पर उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि तकनीकी जानकारियां झारखंड के बच्चों को देश विदेश में अलग पहचान दिलाएगी। इससे विकास और रोजगार का पथ प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रगति से शिक्षकों का मनोबल बढ़ता है।

विद्यालय की निदेशक सह प्राचार्या परमजीत कौर ने कहा कि बच्चों के कौशल और प्रतिभा को निखारने के साथ ही उनकी उत्कृष्टता को पोषित करना विद्यालय का दायित्व है। असीमो कंपोजिट स्किल लैब विद्यालय के बच्चों को नवाचार से अवगत कराने के साथ-साथ भावी प्रौद्योगिकी के लिए जमीन तैयार करेगा, ताकि बदलती तकनीकी दुनिया से बच्चे अनजान नहीं रहे। विद्यालय प्रबंधन के सचिव कुणाल कुमार सिंह ने कहा कि कंपोजिट स्किल लैब बच्चों में व्यावहारिक शिक्षा और कौशल विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

कार्यक्रम में आईआईएम रांची के फैकेल्टी प्रोफेसर (डॉ) अमित सचान, विद्यालय की निदेशक सह प्राचार्या परमजीत कौर,

आनंदमयी सिंह, विद्यालय प्रबंधन के सचिव कुणाल कुमार सिंह, इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के पूर्णेन्दु शंकर, आइडल इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की मंजू बग्गा, इन्फोबेल्ज प्ले स्कूल की संगीता सिंह सहित अन्य शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story