इनरव्हील क्लब के रक्तदान शिविर में 41 यूनिट रक्त संग्रह
रामगढ़, 21 फ़रवरी (हि.स.)। इनरव्हील क्लब ऑफ रामगढ़ के तत्वाधान में शहर के मेन रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के प्रधान परमदीप सिंह कालरा और उनकी टीम के सहयोग से संपन्न हुआ।
शिविर में सदर अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सक निशात अहमद और उनकी टीम ने प्रशिक्षित तकनीशियनों के साथ मिलकर रक्त संग्रह की और पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया। मौके पर क्लब की पदाधिकारियों ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है, जो किसी को नया जीवन दे सकता है।
शिविर में क्लब सदस्यों, स्थानीय नागरिकों, युवाओं और श्री गुरुनानक पब्लिक स्कूल के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान शिविर में कुल 41 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जो आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंद मरीजों के लिए संजीवनी साबित होगा। रक्तदान के बाद सभी दाताओं को क्लब की ओर से फल, चॉकलेट, जूस, बिस्किट, पेन और प्रशस्ति प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में नमिता श्रॉफ, जनेशा वडेरा, मेघा बगरिया, नीरु साहनी, अनुराधा श्रॉफ सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

